भोपाल : भोपाल में बीते एक सप्ताह से कोहरा छा रहा है। सोमवार को दृश्यता 500 मीटर थी, जबकि मंगलवार की सुबह यह 200 मीटर तक रह गई थी। यह फोटो भोपाल की बड़ी झील का सोमवार सुबह का है। ग्वालियर चंबल संभाग में पाला भी पड़ सकता है : मौसम साफ होते ही मध्य प्रदेश में अब ठंड ने जोर पकड़ लिया है। ग्वालियर, नौगांव और दतिया में रात का पारा लुढ़ककर 4 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अगले तीन-चार दिन तक इसी तरह तापमान नीचे आएगा और ठंड बढ़ेगी। ग्वालियर और चंबल संभाग में पाला भी गिरने की संभावना है, जबकि प्रदेश के कई संभागों में शीतलहर भी चल सकती है। राजधानी भोपाल में इस हफ्ते न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे आने की उम्मीद बन गई है। अभी सुबह के समय कोहरा बना रहेगा। इसलिए पड़ रही ठंड : मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अभी कोई भी सिस्टम नहीं बन रहा है। आसमान साफ हो गया है और बादल नहीं है। इस कारण से ठंड पड़ने लगी है। अब इनके साथ रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। 14 और 15 को कड़ाके की ठंड रहेगी।भोपाल में अब भी कोहरा : राजधानी भोपाल में बीते एक सप्ताह से कोहरा छा रहा है। मंगलवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। इसके कारण सुबह 8.30 बजे दृश्यता 200 मीटर तक रह गई थी। दो दिन पहले रात में दृश्यता कोहरे के कारण 10 मीटर तक रही थी। हालांकि यह रात ढाई बजे ही था। भोपाल में अब तक सुबह सबसे कम दृश्यता दो दिन पहले 50 मीटर तक रिकॉर्ड की गई है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले संभाग
शहर न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
नौगांव 3.8 19.5
ग्वालियर 4.0 21.8
दतिया 4.1 21.2
खजुराहो 5.0 20.4
सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले संभाग
शहर न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
होशंगाबाद 16.3 27.9
सिवनी 16.0 प्राप्त नहीं
बैतूल 15.5 29.5
इंदौर 14.1 25.0